मधेपुरा:बिहारीगंज में वज्रपात का कहर:दो युवकों की मौत, कई घायल
मधेपुरा जिले के बिहारीगंज प्रखंड क्षेत्र से गुरुवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जहां आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य युवक घायल हो गए।घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
यह हादसा लक्ष्मीपुर लालचंद पंचायत के वार्ड संख्या-01 में उस समय हुआ, जब कुछ युवक गांव के बाहर बासा के समीप मक्का सुखाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया।बिजली की चपेट में आने से दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
मृतकों की पहचान गजेंद्र राम के 16 वर्षीय पुत्र पिंटू राम और वकिल राम के 22 वर्षीय पुत्र रंजीत राम के रूप में हुई है। दोनों की असमय मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
वहीं इस हादसे में किशोर राम, सुमन कुमार, अरविंद कुमार और साजन कुमार समेत कई लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है।लगातार बदलते मौसम और हो रही बारिश के बीच इस तरह की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।







No comments yet. Be the first to comment!