मध्य प्रदेश:आबकारी विभाग के दल द्वारा स्कूल-कॉलेजों, बस्तियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

By Gaurav Kabir

Published on: 23 मिनट पहले

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार जिले में “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को नशे के


इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार जिले में “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करना है।


सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में लगातार जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। साथ ही विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं एवं समूहों में “नशा मुक्ति हेतु मास्टर ट्रेनर / कोर कमिटी” के गठन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है, जिससे अभियान को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाया जा सके।


इसी क्रम में महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट एवं सत्य मेव जयते इंस्टीट्यूट में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में आबकारी उप निरीक्षक श्री आशीष जैन एवं सुश्री त्रियंबिका शर्मा द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित किया गया। विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के भविष्य, शिक्षा एवं पारिवारिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। कार्यक्रम में युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया गया एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।


ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान के अंतर्गत लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्राम दतोदा स्थित ग्राम पंचायत परिसर में आबकारी उप निरीक्षक सुश्री कृतिका द्विवेदी द्वारा ग्रामीणजनों को नशे के दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं ग्राम मेमदी, सिमरोल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आबकारी उप निरीक्षक सुश्री मीना माल द्वारा महिलाओं एवं ग्रामीणों को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अंकुरण नशा मुक्ति केंद्र में आबकारी उप निरीक्षक श्री सुनील मालवीय एवं श्री बी.डी. अहिरवार द्वारा कार्यशाला आयोजित कर नशे से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं एवं सामाजिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसी क्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री धर्मेंद्र जोशी एवं आबकारी उप निरीक्षक सुश्री मीरा सिंह द्वारा अर्जुनपुरा बस्ती में जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों से नशे से दूर रहने एवं अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
तेजपुर गड़बड़ी बस्ती, केसरबाग क्षेत्र में भी विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान में ADEO राघवेन्द्र सिंह कुशवाह, ADEO जहांगीर खान एवं उप निरीक्षक प्रियंका रानी चौरसिया द्वारा स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने एवं नशामुक्त वातावरण निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई गई।


अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं महिलाओं को स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।

💬 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.