पीएम-राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकरसतना जिले में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
सतना 29 मई भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने हेतु संचालित पीएम-राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, दावा भुगतान प्रक्रिया के सरलीकरण तथा पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ समयबद्ध रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
बैठक में जिले में योजना के संचालन, दुर्घटना पीड़ितों के पंजीयन, उपचार, क्लेम प्रक्रिया तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस, एसडीएम श्री राहुल सिलड़िया, डीएसपी ट्रैफिक श्री संजय खरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, एनआईसी की मैनेजर श्रीमती परमीत कौर, श्री आशुतोष पयासी, श्री अभिषेक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक मरीज को शासन की मंशानुरूप तत्काल एवं सर्वाेत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी पात्र हितग्राही को योजना के लाभ से वंचित न रहने दिया जाए। साथ ही दुर्घटना संबंधी प्रकरणों का समय पर पंजीयन, आवश्यक दस्तावेजों का संधारण एवं भुगतान प्रक्रिया का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि पीएम-राहत योजना गंभीर सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जीवनरक्षक पहल है।सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक को समय पर निःशुल्क उपचार एवं शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सके।






No comments yet. Be the first to comment!