सिंगरौली | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो दिवसीय सिंगरौली प्रवास के दौरान संस्कृति और लोक कला का एक अनूठा संगम देखने को मिला। ‘सिंगरौली महोत्सव’ में ग्राम भरसेड़ी के बैगा आदिवासी कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला से ऐसा समां बांधा कि मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और मंच से ही बड़ा एलान कर दिया।
पारंपरिक ‘शैला नृत्य’ और ‘गुदुम वादन’ ने मोहा मन
महोत्सव के दौरान बैगा आदिवासी कलाकारों ने मध्य प्रदेश के गौरवशाली लोक नृत्य ‘शैला नृत्य’ और ‘गुदुम वादन’ की बेहद भव्य और आत्मीय सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। कलाकारों की इस उत्कृष्ट कला और ऊर्जा से अभिभूत होकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से ही दल के प्रत्येक सदस्य को ₹10,000-₹10,000 की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी।
प्रशासन ने चेक सौंपकर कलाकारों का किया सम्मान
मुख्यमंत्री की मंशानुसार जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में बैगा आदिवासी कलाकारों का फूलमाला और गुलदस्ते से आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही, मुख्यमंत्री जी द्वारा घोषित ₹10,000 की सम्मान राशि के चेक कलाकारों को सादर भेंट किए गए।
कलाकारों ने जताया आभार:
इस उच्च स्तरीय सम्मान और प्रोत्साहन राशि को पाकर कलाकारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कलाकारों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा, “इस सम्मान ने हमारे ग्रामीण अंचल की लोक कला को एक नया गौरव और पहचान दी है, जिससे हमारा हौसला और अधिक बढ़ा है।”
इस गरिमामयी अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में आम जन उपस्थित रहे।






No comments yet. Be the first to comment!