भागलपुर, 16 जून 2026. भागलपुर जिले के शाहकुण्ड प्रखंड अंतर्गत अम्बा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरिय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं, सुझावों एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान प्राप्त कुल 27 आवेदनों में से 24 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की शिकायतों एवं सुझावों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा,
“आज अम्बा पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किया गया है। मैं, एसएसपी साहब, जनप्रतिनिधिगण, बीडीओ, सीओ एवं प्रखंड स्तर के सभी अधिकारी यहां उपस्थित हैं। आमजनों की समस्याओं को सुना गया है। कुल 27 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 24 का निस्तारण कर दिया गया है तथा शेष मामलों का भी समय पर समाधान किया जाएगा। यह शिविर आम लोगों की सुविधा और सहयोग के लिए है। मैं सभी नागरिकों से अनुरोध करता हूं कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सुझाव अथवा मांग होने पर सहयोग पोर्टल पर आवेदन अपलोड करें, ताकि उसका शीघ्र समाधान किया जा सके।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि किसी व्यक्ति को पुलिस से संबंधित कोई समस्या हो अथवा किसी प्रकार की सूचना देनी हो तो वह आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
पत्रकारों द्वारा सहयोग पोर्टल एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों की जागरूकता के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है तथा अब बड़ी संख्या में लोग इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कराकर लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वीकृत ऋण का वितरण भी किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर वरिय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने भी उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की तथा कहा कि किसी भी आपात स्थिति, अपराध संबंधी सूचना अथवा पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल 112 का उपयोग करें।
उन्होंने नागरिकों से साइबर अपराध, सामाजिक अफवाहों एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों में सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
सहयोग शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संपादित किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय 103 जीविका सहायता समूह को एक करोड़ 25 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शाहकुंड, अंचलाधिकारी शाहकुंड सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि मौजूद थे।
Dr Nawal Kishor
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
JEEVIKA Bihar
Bhagalpur Police
DM & Collector, Banka







No comments yet. Be the first to comment!