जहानाबाद:दिनांक 17 जून, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय द्वारा रतनी फरीदपुर प्रखंड में आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर में भाग लेकर शिविर संचालन व्यवस्था, प्राप्त आवेदनों का सहयोग पोर्टल पर प्रविष्टि, उनके निष्पादन एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रमुख 17 योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजनों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर प्रविष्ट करते हुए उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का उद्देश्य आमजनों को कुल 17 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इनमें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY), आयुष्मान वय वंदना कार्ड (70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग हेतु), सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं (वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जीविका स्वयं सहायता समूह (SHG) लिंकेज, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (PM SVANidhi), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN), मुख्यमंत्री उद्यान एवं छत बागवानी योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड (BOCW) योजनाएं, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड एवं अन्य विभागीय योजनाएं शामिल हैं।
शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को आवेदन, सत्यापन, ई-केवाईसी, शिकायत निवारण तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।
उक्त अवसर पर रतनी फरीदपुर प्रखंड शिविर प्रभारी सह उप विकास आयुक्त, जहानाबाद डॉ. प्रीति द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बीच स्वीकृति पत्र एवं लाभ का वितरण किया गया। इस अवसर पर आयुष्मान भारत कार्ड योजना अंतर्गत 4 लाभुकों रीना देवी (ग्राम-मीरगंज), मनीष कुमार (ग्राम-मीरगंज), पूजा कुमारी (ग्राम-सेसंबा) तथा राजेन्द्र प्रसाद (ग्राम-कनसुआ, बेलारी विगहा) को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। वहीं मनरेगा योजना अंतर्गत 4 मजदूरों को जॉब कार्ड वितरित किया गया। मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ 2 लाभार्थी निशु कुमारी, ग्राम-सोहरैया, अमृता कुमारी, पंचायत- लखापुर प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त लखपति दीदी योजना के अंतर्गत सूर्यमणि देवी देवी एवं मंजू देवी, ग्राम-चिकसौरा, पंचायत-रतनी को स्वरोजगार हेतु दो-दो लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। वहीं अनुग्रह अनुदान योजना के अंतर्गत अनुराधा देवी, ग्राम-वधौना, पंचायत-सैदपुर तथा वाजकुमार पंडित, ग्राम-ब्रह्मपुर, पंचायत-नौरू को कुल चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का भुगतान स्वीकृत किया गया। सभी लाभार्थियों ने प्रदत्त लाभ के लिए बिहार सरकार, जिला पदाधिकारी तथा समस्त जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया
जिला पदाधिकारी ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित आमजनों से अधिक से अधिक संख्या में प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा अपर सदस्य, राजस्व परिषद, बिहार सह प्रभारी सचिव, जहानाबाद डॉ. आशिमा जैन के साथ काको प्रखंड में आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का भी निरीक्षण किया गया। काको प्रखंड में प्रभारी सचिव एवं जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बीच स्वीकृति पत्र एवं लाभ का वितरण किया गया।
काको जन कल्याण सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी द्वारा संयोगी देवी एवं सूर्य मणि देवी को भूमि पर्चा, अंजली कुमारी, नीदा नैयार, रूजा कुमारी एवं ब्यूटी कुमारी को मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ, 5 लाभार्थियों को जीविका स्वयं सहायता समूह लिंकेज अंतर्गत ऋण स्वीकृति पत्र, गोल्डेन कुरैशी, सरोज देवी एवं शाहिना परवीन को राशन कार्ड तथा हरेन्द्र कुमार, विमलेश कुमार सहित 3 लाभार्थियों को मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किए गए।
जिला पदाधिकारी ने दोनों प्रखंडों के शिविर पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक निष्पादित करते हुए संबंधित लाभार्थियों को इसकी सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन, जहानाबाद की आमजनों से अपील है कि प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर में उपस्थित होकर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar







No comments yet. Be the first to comment!