नीट (यूजी), 2026 पुनर्परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन तथा विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आज दिनांक 18 जून 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य के द्वारा संयुक्त रूप से समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में ब्रीफिंग की गई।
नीट (यूजी), 2026 पुनर्परीक्षा बक्सर जिला अंतर्गत निर्धारित 03 (तीन) परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिसमें 1355 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के पहुँचने का समय/प्रवेश पत्र में दर्शाए गए समय के अनुसार प्रातः 11:00 बजे से अपराहन 01:30 बजे तक, परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश का अंतिम समय अपराहन 01:30 बजे एवं परीक्षा केन्द्र का प्रवेश द्वार बंद होने का समय अपराहन 01:30 बजे निर्धारित है। निर्धारित समय अवधि के उपरांत किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यथा मोबाईल फोन, टैबलेट, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, इरेज़र इत्यादि ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
एन०टी०ए० अभ्यर्थियों को वेबसाईट से डाउनलोड किये गये प्रवेश पत्र के सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जायेगी। किसी भी दशा में किसी भी अभ्यर्थी को वैध प्रवेश पत्र और सत्यापन के बिना परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर 100 अभ्यर्थियों के लिए एक स्टैटिक दण्डाधिकारी (पुलिस पदाधिकारी एवं पुरुष/महिला पुलिस बल के साथ) की प्रतिनियुक्ति की गयी है। स्टैटिक दण्डाधिकारी परीक्षा केन्द्रों पर स्थायी (स्टैटिक) रूप से भ्रमणशील रह कर स्वच्छ, कदाचार रहित एवं शांतिपूर्ण परीक्षा सम्पन्न करायेंगे।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में स्टैटिक दण्डाधिकारी अपनी मौजूदगी में कक्षवार वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति Random तरीके से केन्द्राधीक्षक द्वारा कराना सुनिश्चित करेंगे।
स्टैटिक दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचार रहित एवं सफल संचालन के लिए केन्द्राधीक्षक को सम्पूर्ण सहयोग करेंगे।
संबंधित केन्द्राधीक्षक को निदेश दिया गया कि सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग बक्सर से समन्वय स्थापित कर शारीरिक रूप से अक्षम उम्मीदवारों के लिए नामित केन्द्रों पर व्हील चेयर/दिव्यांगों के अनुकुल व्यवस्था कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग बक्सर को निदेश दिया गया कि संबंधित केन्द्राधीक्षक को आवश्यकतानुसार उम्मीदवारों के लिए व्हील चेयर/दिव्यांगों के अनुकुल व्यवस्था कराना सुनिश्चित करेंगे।
परीक्षा केन्द्रों पर इम्परसोनेशन एवं किसी प्रकार का कदाचार नहीं होने पाये। परीक्षा की तिथि को परीक्षा केन्द्रों पर सत्त निगरानी के साथ परीक्षा के पूर्व परीक्षार्थियों के ठहरने के स्थानों यथा होटल/लॉज आदि पर भी निगरानी रखा जाय तथा किसी भी संदेहास्पद स्थिति में पूर्ण छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जाय। थानाध्यक्ष, मॉडल थाना/मु०, बक्सर/इटाढ़ी उक्त के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर इसका पर्यवेक्षण करेंगे।
परीक्षा तिथि दिनांक 21.06.2026 को यातायात सुगम रूप से संचालित हो तथा परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की कोई ट्रैफिक जाम/विधि-व्यवस्था उत्पन्न न हो, इसे अनुमण्डल पदाधिकारी /अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर एवं पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, बक्सर सुनिश्चित करेंगे।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर को निदेश दिया गया कि एक अग्निशमन वाहन निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर एक-एक अग्निशमन वाहन चालू हालत में रखना सुनिश्चित करेंगे तथा अनुमण्डल पदाधिकारी, बक्सर से प्राप्त सूचना के आलोक में आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमण्डल बक्सर को निदेश दिया गया कि परीक्षा तिथि को परीक्षा के दौरान निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही संबंधित केन्द्राधीक्षक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति हेतु आवश्यक प्रबंध करना सुनिश्चित करेंगे।
परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन हेतु जिला नियंत्रण कक्ष, बक्सर समाहरणालय परिसर अवस्थित जिला आपदा शाखा के चिन्हित भवन में कार्यरत होगा, जिसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है। जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभार में श्री कुमार नचिकेता, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी बक्सर रहेंगे।
बिहार राज्य एवं अन्य राज्यों के अभ्यर्थी सभी प्रमुख शहरों के रेलवे स्टेशन (रेल मार्ग) एवं बस स्टैण्ड (सड़क मार्ग) द्वारा अपने परीक्षा केन्द्रों पर आने एवं जाने के लिए यात्रा करेंगे, जिससे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अधिक भीड़ होने की संभावना है तथा विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। उक्त के आलोक में जिले में परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर पहुँचने हेतु तथा समुचित मार्गदर्शन देने हेतु रेलवे स्टेशन, बक्सर एवं बस अड्डा बक्सर जिला में निर्धारित परीक्षा तिथि दिनांक 21.06.2026 को पूर्वाहन 07:00 बजे से अपराहन 05:00 बजे तक अथवा स्थिति सामान्य होने तक दण्डाधिकारी एवं पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी ।
गर्मी का मौसम के ध्यान में रखते हुए कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को निदेश दिया गया कि परीक्षा तिथि को रेलवे स्टेशन बक्सर एवं बस स्टैण्ड बक्सर अस्थाई हेल्पलाईन कांउटर पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करेंगे।
गर्मी का मौसम के ध्यान में रखते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर को निदेश दिया गया कि परीक्षा तिथि को रेलवे स्टेशन बक्सर एवं बस स्टैण्ड बक्सर से निर्धारित परीक्षा पर पहुँचने के लिए एवं परीक्षा केन्द्रों से वापस रेलवे स्टेशन बक्सर एवं बस स्टैण्ड, बक्सर आने के लिए विशेष बस की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करेंगे।
अनुमण्डल दण्डाधिकारी, बक्सर परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की दूरी पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के अन्तर्गत कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
परीक्षा की तिथि दिनांक 21.06.2026 को परीक्षा केन्द्रों के आस-पास के फोटो स्टेट दुकानों को परीक्षा समाप्ति तक बन्द कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करेंगे।
पुलिस उपाधीक्षक, साईबर थाना, बक्सर, अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी व्हाट्सप्प ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाये रखेंगे। आपत्तिजनक टिप्पणी प्राप्त होने पर तत्क्षण कार्रवाई करेंगे।
असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बक्सर को निदेश दिया गया कि गर्मी के मौसम का ध्यान में रखते हुए निर्धारित सभी परीक्षा केन्द्रों पर चिकित्सकों को पर्याप्त मात्रा में दवाईयों के साथ एम्बुलेंस तैयार हालत में रखना सुनिश्चित करेंगे।
नीट (यूजी), 2026 पुनर्परीक्षा हेतु विधि व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर रहेंगे। परीक्षा को सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन कराने एवं विधि-व्यवस्था तथा शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु सभी उचित एवं आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
नीट (यूजी), 2026 पुनर्परीक्षा हेतु विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता सह अपर जिला दण्डाधिकारी बक्सर एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) बक्सर रहेंगे तथा भ्रमणशील रहकर परीक्षा को कदाचारमुक्त कराने हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #buxar #bihar #topfollowers







No comments yet. Be the first to comment!