पटना: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 9347 नए लाभुकों का औपबंधिक चयन किया गया है। उद्योग सह खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने बुधवार को कंप्यूटराइज्ड रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित लाभुकों की सूची जारी की।
किस वर्ग से कितने लाभुक:
योजना की 74 परियोजनाओं के लिए जिलावार लक्ष्य के अनुसार चयन हुआ है। इसमें अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 2000, अति पिछड़ा वर्ग के 2000, महिला वर्ग के 2000, युवा वर्ग के 2000, अल्पसंख्यक वर्ग के 1247 तथा दिव्यांगजन वर्ग के 100 लाभुक शामिल हैं। साथ ही कोटिवार व जिलावार 30% आवेदनों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
आगे की प्रक्रिया:
चयनित 9347 आवेदनों की स्क्रूटनी व दस्तावेज सत्यापन के बाद अंतिम सूची उद्यमी पोर्टल पर जारी होगी। अंतिम रूप से चयनित लाभुकों को प्रशिक्षण देने के बाद योजना की गाइडलाइन के अनुसार तीन किस्तों में कुल ₹910.25 करोड़ की परियोजना राशि वितरित की जाएगी।
क्या बोले मंत्री:
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना युवाओं, महिलाओं व वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। पारदर्शी व तकनीक आधारित प्रक्रिया से पात्र लाभुकों को निष्पक्ष अवसर मिल रहा है।
SC/ST कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि यह योजना SC/ST युवाओं के लिए रोजगार व आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन रही है।
उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह तकनीक-संचालित व जवाबदेह है। चयनित लाभुकों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन व वित्तीय सहायता देकर सफल उद्यमी बनाया जाएगा।
आवेदन की तिथि:
योजना के लिए 15 फरवरी से 23 मार्च 2026 तक उद्यमी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। कार्यक्रम में निदेशक अमन समीर, डॉ. विद्यानंद सिंह, मुकुल कुमार गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।







No comments yet. Be the first to comment!