बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का आगाज किया। 20 नवंबर तक 2.5 लाख और 2027 तक 25 लाख घरों को मुफ्त बिजली और कमाई का मौका मिलेगा।
पटना: बिहार के नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) के तहत एक बड़े अभियान का शुभारंभ किया। इस योजना के अंतर्गत राज्य के 2.5 लाख ‘कुटीर ज्योति’ उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र (Solar Panels) स्थापित किए जाएंगे।
20 नवंबर तक 2.5 लाख घरों का लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस साल 20 नवम्बर तक हर हाल में ढाई लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाए। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बिजली बिल से राहत दिलाना है।
मुफ्त बिजली के साथ कमाई का भी मौका
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह केवल मुफ्त बिजली तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे आम लोगों की आमदनी भी होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सोलर पैनल के जरिये उत्पादित बिजली में से 125 यूनिट से अधिक बचने वाली (Surplus) बिजली को राज्य सरकार खुद खरीदेगी। इससे लोगों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ होगा और वे सबल बनेंगे।
2027 तक 25 लाख घरों को रोशन करने की तैयारी
भविष्य के विजन को साझा करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर, यानी 20 नवंबर 2027 तक, इस योजना का दायरा बढ़ाकर 25 लाख घरों तक किया जाएगा। सरकार ऐसी पुख्ता व्यवस्था बना रही है जिससे इतने बड़े पैमाने पर लोगों को मुफ्त बिजली योजना का सीधा फायदा मिल सके।
बिजली पर सबसे ज्यादा सब्सिडी देने वाला राज्य है बिहार
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए एक अहम आंकड़ा पेश किया। उन्होंने कहा कि देश भर में बिहार अपने विद्युत उपभोक्ताओं को सबसे अधिक 23,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी देने वाला राज्य है। इसी के बदौलत राज्य में उपभोक्ताओं को सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।






No comments yet. Be the first to comment!