श्रावणी मेला 2026 के दूसरी सोमवारी को कांवरिया श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के मद्देनजर जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक, बांका श्री अमितेश कुमार द्वारा आज लूल्हा शिवलोक से दुम्मा बॉर्डर तक कांवरिया पथ का विस्तृत निरीक्षण किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी स्वयं कच्ची कांवरिया पथ पर पैदल चलकर कांवरिया श्रद्धालुओं से संवाद किया और उनसे यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं तथा जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं द्वारा जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया।
जिला पदाधिकारी ने कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध शौचालय एवं स्नानागार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा रंगनियां टेंट सिटी का भी जायजा लिया गया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं के साथ-साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की जानकारी ली ।
रंगनियां टेंट सिटी में स्थापित जीविका दीदी की रसोई का भी जिला पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदी की रसोई में तैयार अल्पाहार सेवन कर उसकी गुणवत्ता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष कांवरिया पथ पर कई महत्वपूर्ण जगहों पर म जीविका दीदी की रसोई की व्यवस्था की गई है। इन रसोइयों के माध्यम से कांवरिया श्रद्धालुओं को निर्धारित दर से कम दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती भोजन उपलब्ध कराना है।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने टेंट सिटी में उपस्थित कांवरिया श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और जीविका दीदी की रसोई में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं दर के संबंध में जानकारी प्राप्त की। श्रद्धालुओं द्वारा भोजन की गुणवत्ता एवं दर को लेकर संतोष व्यक्त किया गया।
जिला पदाधिकारी ने डीपीएम, जीविका को निर्देश दिया कि जीविका दीदी की रसोई के माध्यम से श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए जा रहे गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती भोजन की जानकारी अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
साथ ही, जिला पदाधिकारी द्वारा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि साइनेज के माध्यम से जीविका दीदी की रसोई एवं वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी जिलेबिया कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से कांवरिया पथ की स्थिति एवं श्रद्धालुओं की भीड़ से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कंट्रोल रूम से की जा रही निगरानी एवं समन्वय व्यवस्था का भी जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी ने कांवरिया पथ पर प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पदाधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी अपने निर्धारित स्थल पर मुस्तैदी से उपस्थित रहें तथा श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा कांवरिया पथ पर तैनात पुलिस जवानों से भी बातचीत कर उनकी ड्यूटी एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कांवरिया श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा भैरोपुर टेंट सिटी का भी निरीक्षण किया गया। कांवरिया श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
कांवरिया श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को कांवरिया पथ एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराई जाए, ताकि अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को भी अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा अबरखा धर्मशाला के पास बनाए गए नए पार्किंग स्थल लोटनिया में वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराने हेतु भी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। अबरखा टेंट सिटी एवं धर्मशाला के आसपास श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहने के कारण इन क्षेत्रों में यातायात दबाव बढ़ने एवं जाम की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा श्रद्धालुओं एवं वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए वाहनों को नए पार्किंग स्थल लोटनिया में पार्क कराने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर वाहनों की पार्किंग नहीं होने देने का निर्देश दिया गया।






No comments yet. Be the first to comment!