बाल श्रमिकों की विमुक्ति एवं पुनर्वास में उत्कृष्ट कार्य हेतु उप श्रमायुक्त राकेश रंजन सम्मानित,विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर दरभंगा प्रमंडल को मिली बड़ी उपलब्धि

By Gaurav Kabir

Published on: June 12, 2026

दरभंगा, 12 जून 2026 :- विश्व बाल श्रम निषेध दिवस 2026 के अवसर पर पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में बाल श्रम उन्मूलन एवं पुनर्वास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट

दरभंगा, 12 जून 2026 :- विश्व बाल श्रम निषेध दिवस 2026 के अवसर पर पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में बाल श्रम उन्मूलन एवं पुनर्वास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद, बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार, उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुमार सिंह, विशेष सचिव श्री उपेन्द्र प्रसाद, विशेष सचिव-सह-सचिव बोर्ड श्री सुनील कुमार यादव तथा श्रमायुक्त बिहार श्री राजेश भारती द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में बाल श्रमिकों की विमुक्ति एवं पुनर्वास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रमंडलों, जिलों एवं प्रखंडों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दरभंगा प्रमंडल के उप श्रमायुक्त श्री राकेश रंजन को प्रमंडल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रथम स्थान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया।

राज्य स्तर पर आयोजित मूल्यांकन में दरभंगा जिला ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए दरभंगा जिले के तीन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को भी पुरस्कृत किया गया।

इनमें बहादुपरपुर प्रखण्ड के नीतीश कुमार, बहेड़ी प्रखण्ड के के विजेता भारती तथा बेनीपुर प्रखण्ड के नवचन्द्र प्रकाश शामिल हैं।विशेष उपलब्धि यह रही कि राज्य स्तर पर चयनित शीर्ष 10 प्रखंडों में से दरभंगा प्रमंडल के 07 प्रखंडों ने स्थान प्राप्त कर पूरे राज्य में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई।

यह उपलब्धि बाल श्रम उन्मूलन, बचाव, पुनर्वास तथा संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है।कार्यक्रम में बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, श्रम संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा श्रमायुक्त बिहार द्वारा संयुक्त रूप से उप श्रमायुक्त श्री राकेश रंजन को सम्मान-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किया गया।

अधिकारियों ने दरभंगा प्रमंडल द्वारा बाल श्रम उन्मूलन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे अन्य जिलों के लिए प्रेरणादायक बताया।

उल्लेखनीय है कि उप श्रमायुक्त श्री राकेश रंजन द्वारा बाल श्रम से संबंधित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों की सतत समीक्षा तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण के कारण दरभंगा प्रमंडल को प्रमंडल, जिला एवं प्रखंड स्तर की सभी प्रमुख श्रेणियों में उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त हुई है। पूर्ववर्ती वित्तीय वर्ष में भी उनके नेतृत्व एवं अनुश्रवण में बेहतर कार्य निष्पादन के लिए दरभंगा जिले को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रमंडलों से चयनित विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता में +2 देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बालिका उच्च विद्यालय, दरभंगा की छात्रा अदिति कुमारी* ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि सम्पूर्ण दरभंगा प्रमंडल गौरवान्वित हुआ है।

दरभंगा प्रमंडल की इन उपलब्धियों को बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों की सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से भविष्य में भी इसी प्रकार के सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई है।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.