एससी वर्ग को कल्याणकारी योजनाओं का शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए संचालित समस्त योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले, शिक्षा, रोजगार के साथ ही विभिन्न बुनियादी सुविधाओं में एससी वर्ग को लाभ सुनिश्चित किया जायें। सभी पात्र बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि के चलते कोई भी बच्चा लाभ से शेष न रहें, समय रहते तकनीकी समस्याओं, डीबीटी, आधार अपडेशन, समग्र आईडी से संबंधित मामलों का निराकरण कर लिया जायें।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर कुमार अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री विजय शाक्य, एससी ट्राइबल श्री राकेश गुप्ता सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के पूर्व में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर कुमार अग्रवाल एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद द्वारा आयोग अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव को बुके भेंट कर स्वागत किया गया।
एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव ने कहा कि सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत लाभ प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए उनका स्वागत, सम्मान भी किया जायें, जिससे उन्हें आगे बढने की प्रेरणा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि शासकीय प्रयोजन के लिए भूमि की आवश्यकता होने पर अनुसूचित जाति के पट्टाधारियों को पट्टा निरस्त करने से पहले नोटिस जारी किये जायें तथा उनके पुर्नवास का प्रबंधन किया जायें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र लंबित नही रखे जायें, आवेदन प्राप्त होने पर तत्काल प्रक्रिया करते हुए प्रमाण पत्र जारी किये जायें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी छात्रावासों का निरीक्षण करें तथा अधिक से अधिक समय बच्चों के बीच बिताये और आत्मीय वातावरण में चर्चा करते हुए उन्हें पढाई के लिए प्रेरित करें।
एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव ने निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत वर्ष 2025-26 में चिन्हित ग्राम चकबमुलिया, करन्याखेडली, बमूली गुसाई, रामगावडी, माधोपुरा, तलावदा, लाथ, फतेहपुर, ढोढपुर, प्रेमसर, मूंडला, अंधुपुरा, बरदुल्हा, फरारा एवं हारकुई में संपूर्ण विकास कार्यो के लिए कार्य योजना बनाये तथा ग्रामों का भ्रमण कर बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्यो को शामिल करें।
उन्होंने कहा कि संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना, आचार्य विद्या गौसंवर्धन योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना आदि योजनाओं में लक्ष्य के अनुसार हितग्राहियों का चयन कर लाभ प्रदान कराये।
बैठक में बताया गया कि अनुसूचित जाति बस्ती विकास योजना अंतर्गत 80 प्रतिशत मद में 45.96 लाख रूपये के कार्य ग्राम गुर्जा, फरारा, हलगावडाखुर्द एवं बनडी में कराये गये है। 1 हजार 24 अनुसूचित जाति छात्रों को 63 लाख 74 हजार 740 रूपये की छात्रवृति प्रदान की गई है। अनुसूचित जाति आवास सहायता योजना के तहत 692 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया है तथा अनुसूचित जाति राहत योजना अंतर्गत 234 प्रकरणों में 1 करोड 40 लाख 25 हजार रूपये की राशि प्रदाय की गई है। जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल ग्राम योजना में 5 हजार 845 अनुसूचित जाति परिवारों को नल कनेक्शन प्रदाय किये गये है।






No comments yet. Be the first to comment!