सुपौल, 09 जून 2026:
बिहार के सुपौल जिले में आमजन को उनके घर के समीप बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक बड़ी पहल की गई है। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (BSACS) एवं बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) के संयुक्त तत्वावधान में आज जिले भर में 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का विधिवत शुभारंभ किया गया।
स्वस्थ शरीर ही समग्र विकास की आधारशिला: DM सावन कुमार
किशनपुर प्रखंड अंतर्गत मलाढ़ पंचायत में आयोजित मुख्य शिविर का उद्घाटन सुपौल के जिलाधिकारी श्री सावन कुमार (IAS) द्वारा किया गया। इस अवसर पर आमजन को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा:
”स्वस्थ शरीर किसी भी व्यक्ति के समग्र विकास की आधारशिला है। समय-समय पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श लेना हर नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ जिले में इन समेकित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी आसानी से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।”
जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों और सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस जनहितकारी अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और अधिक से अधिक ग्रामीणों को शिविरों तक लाएं।
DM ने स्वयं कराई जांच, दिया जागरूकता का संदेश
इस अभियान के प्रति लोगों का भरोसा जगाने और स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी श्री सावन कुमार ने स्वयं आगे बढ़कर एचआईवी (HIV), ब्लड शुगर, सिफिलिस, ब्लड प्रेशर, हेपेटाइटिस-बी एवं सी सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचें करवाईं। उनकी इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।
शिविरों की होगी नियमित मॉनिटरिंग: सिविल सर्जन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुपौल के सिविल सर्जन ने कहा कि सभी 74 शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और वे स्वयं भी विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
वही, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) के कार्यपालक निदेशक श्री कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और सभी हितधारकों का यह समन्वित प्रयास पूरे बिहार में एक आदर्श मॉडल (Model Campaign) के रूप में स्थापित होगा, जिससे ग्रामीण आबादी को सीधा और व्यापक लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस गरिमामयी उद्घाटन कार्यक्रम में किशनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की चिकित्सा टीम, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (BHM), प्रखंड सामुदायिक समन्वयक (BCM), डीआईएस श्री बंधु नाथ झा, लैब टेक्नीशियन श्री चंदन कुमार सहित बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति की मुख्यालय व सुपौल इकाई की टीम उपस्थित रही। इसके अलावा स्थानीय मुखिया, जनप्रतिनिधि, भारी संख्या में जीविका दीदियां, आशा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के सफल संचालन के बाद जिला स्वास्थ्य समिति के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।







No comments yet. Be the first to comment!