जहानाबाद :दिनांक 17 जून, 2026 को अपर सदस्य, राजस्व परिषद, बिहार सह प्रभारी सचिव, जहानाबाद डॉ० आशिमा जैन द्वारा काको प्रखंड में आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित स्टॉलों का अवलोकन करते हुए आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में प्रभारी सचिव ने शिविर में प्राप्त आवेदनों, उनके सत्यापन, सहयोग पोर्टल पर प्रविष्टि एवं निष्पादन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन,तथा सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को उनके आवेदन की अद्यतन स्थिति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर उन्होंने सभी आवेदनों का सुव्यवस्थित संधारण आवेदकों के संपर्क विवरण सहित सुनिश्चित करने तथा लाभ स्वीकृत होने की स्थिति में संबंधित लाभार्थियों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश शिविर प्रभारी को दिया।
प्रभारी सचिव ने उपस्थित लाभुकों तथा ग्रामीणों को बताया कि प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर के माध्यम से आमजनों को कुल 17 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY), आयुष्मान वय वंदना कार्ड (70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग हेतु), सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं (वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री उद्यान एवं छत बागवानी योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN), पीएम स्वनिधि योजना, जीविका स्वयं सहायता समूह ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड (BOCW) योजनाएं, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजनाएं, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, वीबीजीआरवाईजी (VBGRYG) सहित अन्य विभागीय योजनाएं का लाभ प्रत्येक प्रखंड में एक ही स्थान पर दिया जा रहा है।
प्रखंड जन कल्याण सहयोग शिविर के दौरान प्रभारी सचिव डॉ. आशिमा जैन एवं जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बीच स्वीकृति पत्र एवं लाभ का वितरण किया गया। इस अवसर पर संयोगी देवी, काको एवं सूर्य मणि देवी, काको को भूमि पर्चा वितरित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना अंतर्गत अंजली कुमारी, नीदा नैयार, रूजा कुमारी एवं ब्यूटी कुमारी को योजना का लाभ प्रदान किया गया। जीविका अंतर्गत स्वयं सहायता समूह लिंकेज योजना के तहत 5 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त गोल्डेन कुरैशी, पति–कासिम कुरैशी, काको पश्चिम; सरोज देवी, पति–कृष्णा प्रसाद, काको पूर्व तथा शाहिना परवीन, पति–मो० नेमतुल्लाह, काको पश्चिम को राशन कार्ड वितरित किया गया। साथ ही हरेन्द्र कुमार, ग्राम–महादेवपुर, काको; विमलेश कुमार, ग्राम–महादेवपुर, काको तथा एक अन्य लाभार्थी को मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किए गए। लाभार्थियों ने योजनाओं का लाभ प्राप्त होने पर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रभारी सचिव ने कहा कि शिविर के माध्यम से आवेदन प्राप्ति, सत्यापन, ई-केवाईसी, लाभ वितरण, शिकायत निवारण तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने शिविर प्रभारी तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें संबंधित योजनाओं से आच्छादित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ लक्षित वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय,शिविर प्रभारी श्री अविनाश कुमार,प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar







No comments yet. Be the first to comment!