मधेपुरा:बिहारीगंज के बिहारीगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 स्थित ऋषिदेव टोला में रविवार की संध्या हुई फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मधुकरचक पंचायत वार्ड संख्या 03 निवासी स्वर्गीय बेचन यादव के 29 वर्षीय पुत्र छोटू यादव के रूप में हुई है।वहीं अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।इस मामले में प्रीत अमित कुमार ऋषिदेव की पत्नी शकुंतला देवी के आवेदन पर बिहारीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आवेदन में उन्होंने बताया कि टीवीएस कंपनी की मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन संख्या BR43-6813 तथा पल्सर मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन संख्या BR43AG-1166 से पहुंचे 5 से 6 अज्ञात लोगों को बुलाया गया, जिसके बाद सभी ने उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की।गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। परिवार के सदस्य भी अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गए।
शकुंतला देवी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपी छोटू यादव और उसके सहयोगियों ने उनके घर पहुंचकर घटना को अंजाम दिया।घटना के बाद आरोपी मौके पर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों मोटरसाइकिलों के साथ तीन खोखा भी बरामद किया है।
ज्ञात हो कि रविवार की शाम हुई इस फायरिंग की घटना से पूरे बिहारीगंज इलाके में सनसनी फैल गई थी। करीब आधा दर्जन बाइक पर सवार होकर पहुंचे एक दर्जन से अधिक लोगों ने इलाके में जमकर हंगामा किया और गोलीबारी करते हुए फरार हो गए।घटना के बाद मोहल्ले में भय का माहौल कायम है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।वहीं बिहारीगंज थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी एवं छानबीन कर रही है।







No comments yet. Be the first to comment!