समय-सीमा के बाहर न रहे कोई भी प्रकरण, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सिंगरौली 27 जून 2026/ कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए हैं कि सभी राजस्व अधिकारी सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा और सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि सीमांकन कार्य और बेदखली आदेशों के पालन के दौरान कोई भी व्यक्ति अवैधानिक रूप से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफ.आई.आर. दर्ज कराई जाए। बैठक में राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, वहीं अपर कलेक्टर ने सीमांकन के प्रकरणों की गुणवत्ता की विशेष रूप से पुष्टि करने की बात कही।
कलेक्टर ने न्यायालयीन कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को अपनी अदालतों का नियमित निरीक्षण करने तथा “पटवारी दिवस” पर पटवारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा के बाहर कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए और निराकृत मामलों की गुणवत्ता की भी जांच की जाए। इसके साथ ही राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त करने, डायवर्जन, जाति प्रमाण पत्र जारी करने तथा भू-अर्जन से संबंधित भुगतानों के मामलों का निराकरण शीघ्र अति शीघ्र प्राथमिकता के आधार पर करने पर बल दिया गया।
बैठक में किसान कल्याण और अन्य विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कलेक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत शत-प्रतिशत ई-केवाईसी और फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य बैंकों के माध्यम से पूरा कराने हेतु विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। शासकीय भवनों के निर्माण के लिए भूमि आवंटन के प्रकरणों को जल्द पूर्ण करने तथा प्राकृतिक आपदा के मामलों में पात्र प्रभावित व्यक्तियों को समय पर राहत राशि वितरित करने की बात कही गई। मानसून को देखते हुए उन्होंने क्षेत्र के पुल-पुलियों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। अंत में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, मानव अधिकार आयोग, जनसुनवाई और सीएम हाउस से प्राप्त सभी आवेदनों व शिकायतों का पूरी संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए और कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अखिलेश सिंह,संजीव पांडेय, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, देवसर सौरव मिश्रा, चितरंगी देवेंद्र द्विवेदी, माडा नंदन तिवारी, डिप्टी कलेक्टर माइकल तिर्की, सहित समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh






No comments yet. Be the first to comment!