पार्क में खेलने नही देते, बाल मनुहार लेकर जनसुनवाई में पहुंचे बच्चे,मूकबधिर बालक कार्तिक का कॉकलीयर इंप्लाट कराने के निर्देश

By Gaurav Kabir

Published on: June 17, 2026

समग्र आईडी से संबंधित समस्याओ का तत्काल किया निराकरणजनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित श्योपुर-/ कलेक्टर मैडम हम बच्चों को कुछ लोग पार्क में नही खेलने देते है, जब भी हम खेलने जाते है तो हमे वहां से


समग्र आईडी से संबंधित समस्याओ का तत्काल किया निराकरण
जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित


श्योपुर-/ कलेक्टर मैडम हम बच्चों को कुछ लोग पार्क में नही खेलने देते है, जब भी हम खेलने जाते है तो हमे वहां से भगा दिया जाता है, यह बाल मनुहार लेकर छोटे-छोटे बच्चे आज कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पहुंचे। बच्चों ने बताया कि विश्वेश्वर महादेव मंदिर मयूर बिहार विकास नगर वार्ड नंबर 07 में एक सार्वजनिक पार्क है, जिसमें हमें खेलने नही दिया जाता है। बच्चों की इस बाल मनुहार पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि नगरपालिका से अधिकारी को मौके पर भेजा जायें। उन्होंने बच्चों से पूछा कि अधिकारियों को कब भेजा जाये, जिस पर बच्चों ने बताया कि वे सुबह 8 बजे खेलने जाते है, इस पर निर्देशित किया गया कि बुधवार को 8 बजे अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चों को पार्क में नही खेलने देने वाले लोगों को समझाइश दें। इसके बाद भी यदि नही माने तो कार्यवाही सुनिश्चित की जायें।

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन एवं श्री विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई के दौरान 332 आवेदन प्राप्त हुए।

मूकबधिर बालक कार्तिक का कॉकलीयर इंप्लाट कराने के निर्देश

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान 3 वर्षीय मूकबधिर बालक कार्तिक पुत्र श्री मान सिंह बैरवा निवासी माखनाखेडली का राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत कॉकलीयर इंप्लाट कराये जाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिये गये। बालक के माता-पिता ने बताया कि उनका पुत्र जन्म से ही मूकबधिर है, इस पर निर्देशित किया गया कि आरबीएसके के तहत प्रकरण तैयार कर बालक का उपचार सुनिश्चित किया जायें। इसके अंतर्गत साढे छ लाख रूपये की राशि कॉकलीयर इंप्लाट के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाती है तथा निशुल्क रूप से संपूर्ण उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।

समग्र आईडी से संबंधित समस्याओ का तत्काल किया निराकरण

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान दो लोगों की समग्र आईडी से संबंधित समस्या का निराकरण मौके पर ही कराया गया, ग्राम सिलपुरी निवासी श्रीमती शीतल भिलाला तथा वार्ड 11 श्योपुर निवासी श्री रघुवीर बैरवा की समग्र आईडी प्रोफाइल में पिता का नाम अपडेट नही होने से एमपी टास्क पर प्रोफाइल नही बन रही थी, इन समस्याओं को तत्काल ही ई-गर्वेनेस प्रबंधक श्री धर्मेन्द्र मीणा के माध्यम से दूर किया गया और समग्र आईडी का वेरीफिकेशन करने की प्रक्रिया की गई।

दिव्यांग श्रेणी में खाद्यान पर्ची जारी करने के निर्देश

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा ग्राम बहरावदा निवासी दिव्यांग श्री शमशेर सिंह के आवेदन का तत्काल निराकरण करते हुए दिव्यांग श्रेणी में खाद्यान पात्रता पर्ची जारी करने के निर्देश फूड विभाग को दिये गये। आवेदक ने बताया कि उसे दिव्यांग पेंशन का लाभ मिल रहा है, लेकिन उचित मूल्य दुकान से खाद्यान नही मिलता है, इस पर खाद्यान पर्ची जारी करने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार श्रीमती कैलाशी बाई पत्नि श्री रामस्वरूप प्रजापति निवासी बगडूआ को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ प्रदान करने के निर्देश सामाजिक न्याय विभाग अधिकारियों को दिये गये।

संबल योजना से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना से संबंधित दो प्रकरणों के निराकरण करने के निर्देश दिये गये। पच्चीपुरा निवासी श्रीमती मौसमी बाई के आवेदन पर जनपद पंचायत श्योपुर को निर्देशित किया गया कि प्रकरण से संबंधित जानकारी गुरूवार तक श्रम विभाग को उपलब्ध कराई जायें। इसी प्रकार रघुनाथपुर निवासी श्रीमती पार्वती द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर जनपद पंचायत विजयपुर को दस्तावेज प्राप्त करने के संबंध में पत्र जारी करने हेतु निर्देशित किया गया।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.