सिवनी भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार सोमवार 18 मई से जिले में “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान का आगाज हुआ।अभियान का शुभारंभ कलेक्ट्रेट कार्याल सभाकक्ष में अधिकारियों के अभिमुखिकरण कार्यक्रम से हुआ।
इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे साथ ही अन्य विभागों के जिला अधिकारियों की उपस्थिति रही।18 से 25 मई 2026 तक संचालित हो रहे अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करना है।
अभियान अंतर्गत जिले के जनजातीय क्षेत्रों तथा पीएम जनमन एवं धरती आबा से संबंधित ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर योजना के लाभ से छूटे हितग्राहियों को पात्रतानुसार योजना के लाभ से लाभांवित किया जाएगा।
प्रभारी कलेक्टर श्री राठौर ने अधिकारियों को अभियान के तय कार्यक्रमानुसार प्रतिदिन ग्राम स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को 18 से 25 मई तक की अवधि में संचालित अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए चयनित ग्रामों में ग्राम भ्रमण कर हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को आधार पंजीयन, बैंकिंग सेवाएं, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिये पात्रता परीक्षण, आवेदन एवं मौके पर निराकरण की कार्रवाई की जाए।
साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर सामान्य स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल एनीमिया जागरूकता, पोषण परामर्श तथा निवारक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करने की कार्यवाही की जाए।







No comments yet. Be the first to comment!