पीएम आवास में प्रगति लाने की सख्त हिदायत, लापरवाही पर भैंसदेही एवं प्रभातपट्टन के ब्लॉक समन्वयकों की सेवा समाप्ति के निर्देश,जन कल्याण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो
नॉन अटेंडेंट शिकायतों पर संबंधित अधिकारी द्वारा रेड क्रॉस मद में जमा कराई जाएगी राशि
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने दिए निर्देश कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समयसीमा की बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जनकल्याण शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम से जानकारी ली गई।
बताया गया कि जिले के सभी अनुविभागों में कुल 1 लाख 14 हजार 481 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1 लाख 14 हजार 871 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।कलेक्टर ने सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।बैठक में अविवादित नामांतरण, आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्युत कनेक्शन, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, भवन अनुज्ञा प्रमाण-पत्र, समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अभियान के तहत चिन्हित रास्ता विवाद के सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश सभी तहसीलदारों को दिए गए।
इसके साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं पेंशन संबंधी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।कलेक्टर डॉ सोनवणे ने निर्देश दिए कि वनाधिकार प्राप्त हितग्राहियों को पात्रता पर्ची, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित सभी पात्र योजनाओं से शत प्रतिशत निराकरण किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाले जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही भैंसदेही एवं प्रभातपट्टन के पीएम आवास ब्लॉक समन्वयकों की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए।जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अभियान में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर विकासखंड भीमपुर के सहायक यंत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। स्पर्श पोर्टल अंतर्गत प्राप्त आवंटन का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश सभी जनपद सीईओ को दिए गए। अनावश्यक रूप से बिल लंबित पाए जाने पर संबंधित जनपद सीईओ एवं लेखा अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई। डीएमएफ के कार्यों की समीक्षा करते हुए पूर्णता प्रमाण-पत्र शीघ्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण में कम प्रगति पाए जाने पर वाणिज्यकर, शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, परिवहन, जल संसाधन तथा श्रम विभाग से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर भैंसदेही के मुख्य नगरपालिका अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने एवं वेतन वृद्धि रोकने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश देते हुए नॉन-अटेंडेड शिकायतों पर प्रति शिकायत 500 रुपये रेडक्रॉस मद में जमा कराने तथा शिकायतों की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित अधिकारियों से 1000 रुपये प्रति शिकायत की राशि जमा कराने के निर्देश दिए।लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ सोनवणे ने राजस्व अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समयसीमा के प्रकरणों एवं जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों से जानकारी ली गई तथा लंबित प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निर्देश दिए कि मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्तियों का चिन्हांकन कर पुलिस, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रमाण-पत्र तैयार कर उनके लिए उचित उपचार संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #बैतूल #betul







No comments yet. Be the first to comment!