इंदौर, 29 मई इंदौर में 9 से 13 जून तक कृषि विषय पर अंतरराष्ट्रीय महत्व का BRICS सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में BRICS देशों के मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे।
आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में आज पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों, बैठक स्थलों तथा अतिथियों के आवागमन मार्ग का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने एयरपोर्ट से लेकर अतिथियों के ठहरने के स्थानों तथा आयोजन स्थलों तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्देश दिए कि मेहमानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही मालवा की सांस्कृतिक गरिमा और पारंपरिक आतिथ्य के अनुरूप उनका स्वागत-सत्कार सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एयरपोर्ट से मेरियट होटल और शैरेटन ग्रेंड पैलेस तक के मार्ग का बसों के माध्यम से भ्रमण किया।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. परीक्षित झाडे़, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन, एमपीआईडीसी के कार्यकारी अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रोशन राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बताया कि अधिकारियों की ब्रीफिंग, दायित्व निर्धारण और समन्वय संबंधी कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से लेकर बैठक स्थलों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के ठहरने वाले स्थानों तक पूरे रूट प्लान का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया है। प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इंदौर और भारत के लिए गौरव का अवसर है।इसलिए प्रशासन पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है ताकि आयोजन में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंदौर पूर्व की तरह इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का भी सफलतापूर्वक संचालन करेगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेश में कृषि वर्ष मनाया जा रहा है। इसी के तहत सम्मेलन में कृषि क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।
ढक्कन वाला कुआं स्थित हाट बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर कृषि आधारित प्रदर्शनियां एवं स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को प्रदेश के कृषि विकास मॉडल और नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वाहन पूलिंग और ईंधन बचत के संदेश को भी व्यवहार में उतारा।
कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि अधिकारियों ने बसों के माध्यम से संयुक्त रूप से भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ समन्वित निरीक्षण भी संभव हुआ और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। इंदौर का यह सम्मेलन मध्यप्रदेश सहित भारत और पूरी दुनिया के कृषि क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह सम्मेलन न केवल वैश्विक खाद्य सुरक्षा, कृषि व्यापार, जलवायु परिवर्तन और किसान कल्याण जैसे मुद्दों पर नई दिशा देगा, बल्कि इंदौर को अंतरराष्ट्रीय कृषि संवाद के केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
यह पूरे देश के लिए गौरव का विषय है कि इस बार BRICS सम्मेलन 2026 भारत में हो रहा है और कृषि मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक के लिए मध्यप्रदेश के इंदौर का चयन किया गया है। आगामी 9 से 11 जून 2026 तक इंदौर में BRICS कृषि कार्य समूह (AWG) की बैठक होगी, जबकि 12 और 13 जून 2026 को सदस्य देशों के कृषि मंत्री यहां एकत्रित होकर कृषि और खाद्य सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। इंदौर में होने वाली बैठक में वैश्विक खाद्य सुरक्षा और पोषण, जलवायु स्मार्ट कृषि, कृषि व्यापार को आसान बनाने, किसान कल्याण, आपूर्ति श्रृंखला, अनुसंधान, ज्ञान साझेदारी, डिजिटल कृषि, प्रिसिजन फार्मिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और नवाचार जैसे विषयों पर गंभीर मंथन होगा।
#BRICS2026 #FuelSaving #VehiclePooling #JansamparkMP #indore #इंदौरCM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Department of Agriculture, Madhya Pradesh







No comments yet. Be the first to comment!