दो दिवसीय दिशा कमिटी की बैठक सम्पन्न,जिले की सरकारी जमीनों का बुकलेट तैयार करने का निर्देश

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

दरभंगा :- समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में दरभंगा के माननीय सांसद-सह-अध्यक्ष दिशा समिति डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की दो दिवसीय बैठक

दरभंगा :- समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में दरभंगा के माननीय सांसद-सह-अध्यक्ष दिशा समिति डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की दो दिवसीय बैठक के अन्तिम दिन शेष विभागों की समीक्षा की गई।


बैठक में माननीय राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशिला गुप्ता, मा. विधायक केवटी श्री मुरारी मोहन झा, माननीय विधायक दरभंगा ग्रामीण राजेश कुमार मंडल, मनोनीत सदस्य कन्हैया पासवान, मदन यादव, बृजनंदन सहनी, सुमन कुमार सिंह, श्रीमती सोनी पूर्वे एवं माननीय के जनप्रतिनिधि माधव आजाद, सुजीत मल्लिक, देवेंद्र झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


बैठक में जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार एवं उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल कुमार द्वारा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की जानकारी अध्यक्ष महोदय को दी गई। इसके बाद पंचायती राज विभाग, राजस्व विभाग, खादी ग्रामोद्योग, गौशाला, सामाजिक सुरक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, जल संसाधन, सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन सहित विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई।


माननीय अध्यक्ष डॉ.गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि दिशा समिति केंद्र सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण निगरानी समिति है तथा इसके प्रस्तावों के अनुपालन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को दिशा बैठक के निर्णयों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष महोदय ने पंचायत सरकार भवनों के निर्माण, लंबित मामलों तथा न्यायालय में विचाराधीन मामलों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवनों में सभी विभागीय सेवाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा आम जनता से प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन किया जाए।


उन्होंने पंचायत सरकार भवनों में डाक विभाग से समन्वय स्थापित कर लेटर बॉक्स लगाने, कार्यरत कर्मियों की सूची मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही पंचायत सरकार भवनों में डाकघर, रेल टिकट सेवा सहित अन्य कार्यों संचालन का प्रस्ताव भी रखा गया।


राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 1 लाख 43 हजार 731 फार्मर रजिस्ट्री कार्ड बनाए जा चुके हैं।
अध्यक्ष महोदय ने दरभंगा टावर स्थित नेशनल स्कूल को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा जमीन की मापी कराने का निर्देश दिया।


बैठक में जिले की सभी सरकारी जमीनों का प्रखंडवार बुकलेट तैयार करने, गौशाला की 46 एकड़ जमीन का भौतिक सत्यापन कराने, 375 तालाबों को जीवंत करने तथा शहर के पुराने नौ जल निकासी चैनलों को अतिक्रमण मुक्त कर साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया।


अध्यक्ष महोदय ने सभी हाई स्कूल, मिडिल स्कूल एवं अन्य सरकारी जमीनों को चिन्हित कर अतिक्रमण मुक्त कराने तथा विद्यालयों में चाहरदीवारी निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
उन्होंने शहर के सभी पोखरों का सर्वे कराने, सारा मोहनपुर स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज की चाहरदीवारी कराने तथा मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर शोध संस्थान की जमीन का सीमांकन कराने का भी निर्देश दिया।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रखंडवार पेंशन लाभुकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया तथा सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।


सदर प्रखंड में जलजमाव की समस्या के समाधान हेतु नाला निर्माण कार्य शीघ्र कराने का निर्देश भी संबंधित विभाग को दिया गया।गौशाला की समीक्षा के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर को गौशाला की जमीन, शेड, प्रकाश व्यवस्था एवं कार्यरत कर्मियों से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी को जिले के सभी राइस मिलों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि जिले में 10 रायस मिल संचालित है ।


बिजली विभाग को कृषि फीडर विकसित करने एवं किरतपुर प्रखंड के कोशी नदी के पूर्वी क्षेत्र में नए पावर स्टेशन की स्थापना हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अध्यक्ष महोदय ने जिले के सभी नलकूप को चालू करने का निर्देश दिया। कार्यपालिका अभियंता ने बताया कि जिले में कुल 374 नलकूप में जिसमें 273 चालू है।


जल संसाधन विभाग के समीक्षा के दौरान बांध पर मिट्टी भराई तथा बांध के समीप से मिट्टी कटाव न करने का निर्देश दिया। बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर बैठक करने का निर्देश दिया। उन्होंने नमामि गंगे परियोजना अंतर्गत क्या-क्या कार्य किया जा रहा है और क्या प्रस्तावित है का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।


उन्होंने कार्यपालक अभियंता विद्युत को सिंचाई योजना में बिजली आपूर्ति को लेकर शिथिलता न रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बिजली विभाग के अभियंता से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में जानकारी लिया और प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।


पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के समीक्षा के क्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सभी पशु चिकित्सालय अस्पताल में 48 प्रकार की दवा उपलब्ध है।


स्वास्थ्य विभाग के समीक्षा के क्रम में अध्यक्ष महोदय ने कहा कि आयुष्मान कार्ड से संबंधित जो भी समस्या है उसे ससमय निदान किया जाए और आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाया जाए।उन्होंने एंबुलेंस की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।


उन्होंने कहा कि बिरौल प्रखंड के शहरों में 30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल,जहां 27 पंचायत का क्षेत्र है,अस्पताल में डॉक्टर की उपस्थिति सुनिश्चित रहे। सभी अस्पताल में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र महीनाम, हावीभौंआर को चालू कराने का निर्देश दिया तथा रोगी कल्याण समिति की बैठक के संबंध में जानकारी लिया।
बैठक में अपर समाहर्त्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, सत्येंद्र प्रसाद उपनिदेशक जनसंपर्क, पवन कुमार जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिविल सर्जन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Tags:

💬 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.