मधेपुरा मर्डर केस: ₹75 हजार की सुपारी देकर पत्नी ने ही कराई पति की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

By Gaurav Kabir

Published on: 11 मिनट पहले

​मधेपुरा (बिहार): बिहार के मधेपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने ही अपने सुहाग का सौदा कर डाला। बिहारीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर डेहरू गांव में

मधेपुरा (बिहार): बिहार के मधेपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने ही अपने सुहाग का सौदा कर डाला। बिहारीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर डेहरू गांव में हुए 55 वर्षीय कामेश्वर मेहता हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। जांच में पता चला है कि मृतक की पत्नी गीता देवी ही इस पूरे हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता (Mastermind) थी।

विवाद के बाद ₹75,000 में दी पति की सुपारी

​शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए उदाकिशुनगंज एसडीपीओ (SDPO) अविनाश कुमार ने बताया कि गीता देवी का अपने पति कामेश्वर मेहता के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। इसी घरेलू कलह से तंग आकर उसने पति को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया। गीता देवी ने अपने पति की हत्या के लिए रामदेव राम नामक लाइनर को 75 हजार रुपये की सुपारी दी थी।

खुद दर्ज कराई थी FIR, ऐसे खुली पोल

​बीती 24 मई की रात को कामेश्वर मेहता की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। शातिर पत्नी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही अज्ञात अपराधियों के खिलाफ बिहारीगंज थाने में मामला दर्ज कराया था। लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच (Technical Investigation) और सीडीआर (CDR) खंगालने के बाद शक की सूई गीता देवी पर जाकर टिकी। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने रामदेव राम को सुपारी देने की बात कबूल कर ली।

कैसे दिया घटना को अंजाम?

सुपारी मिलने के बाद मुख्य आरोपी रामदेव राम ने अपने तीन अन्य साथियों—प्रशांत कुमार, कौशल कुमार और रौशन कुमार के साथ मिलकर 24 मई की रात कामेश्वर मेहता की हत्या कर दी थी।

हथियार और बाइक के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

​पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें शामिल हैं:

  1. गीता देवी (मृतक की पत्नी और मुख्य साजिशकर्ता)
  2. रामदेव राम (सुपारी लेने वाला अपराधी)
  3. प्रशांत कुमार (शूटर/सहयोगी)
  4. रौशन कुमार (शूटर/सहयोगी)

बरामदगी: गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक बाइक, एक कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी कौशल कुमार फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

​इस सफल उद्भेदन टीम में डीआईयू (DIU) टीम के साथ-साथ बिहारीगंज और फुलौत थाने की पुलिस शामिल थी।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.