सुपौल : सड़क पर सुखाई जा रही मक्का बनी काल, ट्रैक्टर की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

By Gaurav Kabir

Published on: 12 घंटे पहले

बलुआ बाजार (सुपौल) ​बिहार के सुपौल जिले में सड़क पर अतिक्रमण और लोगों की लापरवाही ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। भीमपुर थाना क्षेत्र के ठूठी पंचायत में एसएच-91 (SH-91)

बलुआ बाजार (सुपौल)

​बिहार के सुपौल जिले में सड़क पर अतिक्रमण और लोगों की लापरवाही ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। भीमपुर थाना क्षेत्र के ठूठी पंचायत में एसएच-91 (SH-91) पर किसानों द्वारा सुखाने के लिए रखी गई मक्का एक 20 वर्षीय बाइक सवार युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। मक्का पर बाइक फिसलने के बाद सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की हुई पहचान, काम से लौट रहा था घर

​मृतक की पहचान ठूठी पंचायत के चापिन (वार्ड संख्या-05) निवासी विकास मित्र उदयचंद ऋषिदेव के 20 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार ऋषिदेव के रूप में हुई है।

  • घटना का समय: गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे।
  • कैसे हुआ हादसा: नीरज बलुआ बाजार से अपना काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। चैनपुर के समीप एसएच-91 पर किसानों ने मक्का सूखने के लिए फैला रखी थी। मक्का के दानों पर नीरज की बाइक अचानक फिसल गई और वह गिर पड़ा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इंसानियत हुई शर्मसार: मदद के बजाय अपनी मक्का समेटने में जुटे रहे लोग

​इस दर्दनाक हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों का अमानवीय चेहरा भी सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद सड़क पर मक्का सुखा रहे किसान घायल नीरज की जान बचाने या एंबुलेंस बुलाने के बजाय, पुलिस के डर से सड़क से अपनी-अपनी मक्का समेटने में लग गए। किसी ने भी मृतक के परिजनों को सूचना देने की जहमत नहीं उठाई। बाद में डायल-112 की सूचना पर भीमपुर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा।

सड़क अतिक्रमण पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

​हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए:

  • सड़क बनी खलिहान: मक्का और पटुआ के मौसम में किसान एसएच-91 के दोनों लेन पर कब्जा कर थ्रेसर लगाते हैं और फसल सुखाते हैं।
  • रास्ते में बाधा: सड़क किनारे जलावन, गोबर रखने और मवेशी बांधने का काम खुलेआम होता है।
  • दबंगई: विरोध करने पर अतिक्रमणकारी राहगीरों के साथ मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
  • चेतावनी: ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ऐसे लोगों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई नहीं करता है, तो उग्र प्रदर्शन और सड़क जाम किया जाएगा।

अधिकारियों ने दिया न्याय का भरोसा, दोषियों पर होगी कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार को छातापुर बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता, सीओ राकेश कुमार और भीमपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश पांडे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।

  • बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।
  • ​उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सड़क पर मक्का सुखाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

​पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही नीरज का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा, पूरे इलाके में मातम छा गया। पिता उदयचंद ऋषिदेव गहरे सदमे में हैं, वहीं मां तेतरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाइयों में मंझला था और पढ़ाई के साथ-साथ खेती-बाड़ी में पिता का हाथ बंटाता था। उसकी असमय मौत से परिवार ने अपना एक होनहार बेटा खो दिया है।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.