मधेपुरा:ट्रैक्टर चालक हत्याकांड का उद्भेदन,दो आरोपी गिरफ्तार,घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व लूटे गए कागजात बरामद

By Gaurav Kabir

Published on: 58 मिनट पहले

लूटपाट के दौरान चालक की गोली मारकर की गई थी हत्या नीतीश शर्मा उदाकिशुनगंज के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित ट्रैक्टर चालक हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार

लूटपाट के दौरान चालक की गोली मारकर की गई थी हत्या

नीतीश शर्मा

उदाकिशुनगंज के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित ट्रैक्टर चालक हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस मामले में फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 7 जून 2026 की रात करीब 12 बजे हरैली सोनवर्षा निवासी ट्रैक्टर चालक शिवम शर्मा (30 वर्ष) मकई लोड ट्रैक्टर से खेत में फसल अनलोड करने गया था।

इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मारकर हत्या कर दी और शव को बिहारीगंज रोड स्थित आरओबी-91 के पास फेंक दिया था।

मामले में सुरेश शर्मा की पत्नी कविता कुमारी के आवेदन पर बिहारीगंज थाना में कांड संख्या 199/26 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने बिहारीगंज वार्ड संख्या 7 निवासी रूपेश कुमार (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की नीयत से घटना को अंजाम देने और ट्रैक्टर चालक शिवम शर्मा की गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा मृतक चालक से छीने गए कागजात बरामद कर लिए। इसके बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी सोनू कुमार उर्फ रौकी को भी गिरफ्तार कर लिया।

सोमवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान अन्य अपराधियों की पहचान भी हो गई है,जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधियों ने मकई लदे ट्रैक्टर को लूटने के उद्देश्य से चालक की हत्या की थी।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी, जबकि मृतक के परिजनों ने शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रूपेश कुमार के विरुद्ध मुरलीगंज एवं बिहारीगंज थाना में हत्या, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।वहीं सोनू कुमार उर्फ रौकी के खिलाफ भी बिहारीगंज थाना में मारपीट एवं अन्य आपराधिक मामलों के कई कांड दर्ज हैं।

वही पुलिस ने दावा किया है कि मामले का सफल उद्भेदन कर लिया गया है तथा शेष फरार अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. छापेमारी दल में बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकेश कुमार, पुलिस पदाधिकारी दीपक कुमार, खुर्शीद आलम, अन्य सशस्त्र बल एवं एसटीएफ की टीम शामिल थे।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.