श्योपुर:कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले में दलहन-तिलहन फसलों के उत्पादनों को प्रोत्साहित किया जायें। उन्होंने कहा कि एक ही प्रकार के फसलों के उत्पादन से मिट्टी की उपजाऊ क्षमता कम होती जाती है, इसके अलावा जैव विविधता को भी नुकसान पहुंचता है, इसलिए किसानों को विविध फसलों के उत्पादन के लिए जागरूक किया जायें और शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जायें।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन, उप संचालक कृषि श्री जीके पचौरिया, डॉ कायम सिंह, उप संचालक पशुपालन डॉ सुभाषबाबू दौहरे, सहायक संचालक उद्यानिकी सुश्री रिशिका त्रिपाठी सहित महिला बाल विकास, स्वास्थ्य, मत्स्य, कॉपरेटिव, सहकारिता आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने निर्देश दिये कि खरीफ वर्ष 2026 में प्रति हेक्टयर 2200 किलोग्राम बाजरा, 2300 किलोग्राम मक्का एवं 2200 किलोग्राम ज्वार के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, इसके अनुरूप उत्पादन बढाने के लिए किसानों को तकनीकी जानकारी प्रदान की जायें। उन्होंने कहा कि जिले में सोसायटियों, मार्कफेड के वितरण सेंटरों तथा निजी क्षेत्र में खाद की उपलब्धता पर्याप्त है, किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से सुगमतापूर्वक खाद का वितरण किया जायें तथा ई-विकास प्रणाली की जानकारी किसानों को प्रदान की जायें, यदि टोकन बुक करने में किसी भी किसान को समस्या आये तो उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जायें। इसके साथ ही उन्होंने सहकारी समितियों में लक्ष्य के अनुरूप सदस्य बनाये जाने के निर्देश भी दिये। पशुपालन विभाग को क्षीर धारा योजना के तहत चयनित किये गये ग्रामों में जागरूकता शिविर लगाये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने टीबी मुक्त भारत अभियान की अपेक्षाकृत प्रगति नही होने पर जिला क्षय अधिकारी डॉ यतेन्द्र रावत को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही कराहल एवं वीरपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री की कम प्रगति के लिए संबंधित तहसीलदारों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि 1 लाख 47 हजार फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य पूर्ण करने हेतु सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया गया है। इसी प्रकार कृषि विभाग एवं भू-अभिलेख के अधिकारियों को निर्देश दिये कि 7 हजार 732 किसानों की यूनिक आईडी बनना शेष है, जिसे एक सप्ताह में पूर्ण किया जायें।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh






No comments yet. Be the first to comment!