उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित फनहन गांव से एक शादीशुदा युवती के कथित अपहरण का आरोप लगाते हुए उसकी मां ने सात लोगों के विरुद्ध उदाकिशुनगंज थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में उदाकिशुनगंज, चौसा थाना क्षेत्र तथा बेगूसराय जिले के दंडारी थाना क्षेत्र के लोगों को आरोपित बनाया गया है।
थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अपहरण का नहीं, बल्कि प्रेम-प्रसंग में युवती के घर छोड़कर जाने का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
थाने में दिए गए आवेदन में ममता देवी ने बताया कि कुछ माह पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री की शादी मुंबई में की थी। शादी के बाद कुछ अज्ञात मोबाइल नंबरों से उनकी पुत्री और दामाद को लगातार परेशान किया जाने लगा, जिससे दोनों के वैवाहिक संबंधों में तनाव उत्पन्न हो गया। करीब दस दिन पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री को गांव बुला लिया था।
आवेदन के अनुसार, 28 जुलाई की रात से उनकी पुत्री घर से लापता है। काफी खोजबीन के बाद उन्हें जानकारी मिली कि गांव के ही छोटू कुमार ने अपने परिजनों एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर उनकी पुत्री का अपहरण कर लिया है।
मामले में गांव के छोटू कुमार, उसके माता-पिता, भाई, बहन और भाभी के अलावा चौसा थाना क्षेत्र के घोषई गांव निवासी संदीप मंडल की पत्नी प्रीतम देवी तथा बेगूसराय जिले के दंडारी थाना क्षेत्र के बलहा गांव निवासी अनिल महतो को आरोपित बनाया गया है।
पीड़िता की मां ने आवेदन में अपनी पुत्री की सकुशल बरामदगी तथा सभी आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






No comments yet. Be the first to comment!