सुपर मार्केट बस स्टैंड में बसों के सुरक्षा उपकरणों की भी हुई जांच, यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात पर विशेष जोर
सहरसा। जिला पदाधिकारी, सहरसा श्री दीपेश कुमार के निर्देशानुसार आज जिला परिवहन कार्यालय, सहरसा द्वारा सहरसा-बनगांव मार्ग पर विशेष वाहन जांच एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही सहरसा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सुपर मार्केट स्थित बस स्टैंड में संचालित बसों की जांच कर यात्री सुरक्षा से संबंधित आवश्यक उपकरणों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। विशेष वाहन जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को प्रोत्साहित करना तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना था। जांच के दौरान वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं यातायात एवं मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत अर्थदंड की कार्रवाई भी की गई।
अभियान के दौरान मोटरसाइकिल चालकों के चालक अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस), हेलमेट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त ऑटो रिक्शा, चारपहिया वाहनों एवं ट्रैक्टरों के चालक अनुज्ञप्ति, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई। विशेष रूप से ऐसे दोपहिया वाहन चालक, जो हेलमेट पहनने के बजाय उसे वाहन में टांगकर चल रहे थे, उन्हें रोककर मौके पर हेलमेट पहनाया गया तथा भविष्य में प्रत्येक यात्रा के दौरान अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की शपथ दिलाई गई। वाहन चालकों को समझाया गया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। विशेष जांच अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी, सहरसा श्री सुजीत कुमार बरनवाल के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में श्री बृजमोहन पटवारी, मोटरयान निरीक्षक, सभी प्रवर्तन अवर निरीक्षक तथा जिला परिवहन कार्यालय के चलन्त दस्ता के सिपाहियों की सक्रिय सहभागिता रही।
जांच अभियान के दौरान यातायात एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 46 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग ₹1,62,000 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। सुपर मार्केट बस स्टैंड में यात्री सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच
इसी क्रम में सहरसा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सुपर मार्केट स्थित बस स्टैंड में बसों की विशेष जांच की गई। जांच के दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्राथमिक उपचार किट (फर्स्ट एड बॉक्स), आपातकालीन बटन, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) एवं अग्निशामक यंत्र सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच की गई। जिन बसों की प्राथमिक उपचार किट में आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं पाई गईं, उनके वाहन चालकों एवं स्वामियों को फर्स्ट एड बॉक्स में निर्धारित एवं पर्याप्त प्राथमिक उपचार सामग्री रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, कुछ बसों में अग्निशामक यंत्र की वैधता अवधि समाप्त पाई गई, जिन्हें तत्काल बदलकर वैध एवं कार्यशील अग्निशामक यंत्र रखने का निर्देश संबंधित वाहन चालक एवं वाहन स्वामियों को दिया गया। बस चालकों एवं वाहन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बसों को मुख्य सड़क पर खड़ा कर यात्रियों को न चढ़ाया-उतारा जाए। यात्रियों को बस स्टैंड परिसर के अंदर ही बैठाने एवं उतारने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बस स्टैंड के सामने मुख्य मार्ग पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आम नागरिकों का आवागमन सुगम बना रहे। जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा नागरिकों में सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के वाहन जांच सह सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान पूर्व में भी चलाए गए हैं और आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने सभी वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा वाहन के बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, फिटनेस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें। सार्वजनिक परिवहन वाहनों के संचालकों से विशेष रूप से यात्री सुरक्षा से संबंधित सभी उपकरणों को सदैव उपलब्ध एवं कार्यशील रखने की अपील की गई, ताकि जिले में सुरक्षित, सुगम, अनुशासित एवं दुर्घटनामुक्त परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।






No comments yet. Be the first to comment!