मधेपुरा (बिहार)। मधेपुरा जिले की चौसा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देर रात छापेमारी कर लूटपाट की बड़ी योजना बना रहे तीन अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के पास से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, खोखा और एक ई-रिक्शा बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर चौसा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कार्यालय मधेपुरा के अनुसार, 6-7 अगस्त की मध्य रात्रि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चौसा थाना क्षेत्र के ग्राम लौआलगान स्थित शिव मंदिर के पास 5 अपराधी हथियार से लैस होकर ई-रिक्शा के साथ इकट्ठा हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लौआलगान शिव मंदिर के पास घेराबंदी की। पुलिस गाड़ी को देखते ही ई-रिक्शा के पास खड़े दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि ई-रिक्शा में बैठे तीन बदमाशों को पुलिस बलों ने खदेड़कर दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है:
पांडव उर्फ जयपांडव कुमार (21 वर्ष), पिता- योगेंद्र राम,गिरीश कुमार उर्फ कृष्ण कुमार (19 वर्ष), पिता- पवन सिंह,प्रितेश कुमार (19 वर्ष), पिता- मनोज सिंह
(सभी निवासी: लौआलगान पूर्वी, थाना चौसा, जिला मधेपुरा) के रूप में हुई है।
तलाशी में मिले हथियार और कारतूस
पकड़े गए अभियुक्त प्रितेश कुमार की कमर से एक देशी कट्टा और उसमें लोड एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं पांडव कुमार के पास से एक खाली खोखा मिला। घटना स्थल से ई-रिक्शा (रजिस्ट्रेशन नं. BR43PA3670) को भी जब्त कर लिया गया है।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह हथियार और गोली भागने वाले आरोपी ब्रजेश कुमार और नागेश कुमार (दोनों निवासी खोपड़िया, थाना चौसा) ने उन्हें रखने के लिए दिए थे। ये दोनों अवैध हथियार बेचने और खरीदने का काम करते हैं।
मामला दर्ज, फरार अपराधियों की तलाश जारी
इस संबंध में चौसा थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4)/310(5) और 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है, जबकि फरार ब्रजेश कुमार और नागेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी नागेश कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास (कांड सं. 231/25, आर्म्स एक्ट) भी रहा है।






No comments yet. Be the first to comment!