अररिया:होटलों एवं अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा ऑडिट को लेकर विशेष अभियान जारी, लापरवाही पाए जाने पर होगी सीलिंग की कार्रवाई

By Gaurav Kabir

Published on: June 9, 2026

जिला प्रशासन, अररिया द्वारा जिले के सभी होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, अस्पताल, निजी नर्सिंग होम एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा


जिला प्रशासन, अररिया द्वारा जिले के सभी होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, अस्पताल, निजी नर्सिंग होम एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान बिहार अग्निशमन सेवा अधिनियम, 2014 एवं बिहार अग्निशमन सेवा नियमावली, 2021 के प्रावधानों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।

अग्निशमन विभाग द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जिन अस्पतालों, होटलों एवं अन्य संस्थानों का अब तक अग्नि सुरक्षा ऑडिट नहीं हुआ है, उनका हर हाल में 48 घंटे के भीतर ऑडिट कराया जाए। संबंधित संस्थानों के संचालकों को ऑडिट टीम के साथ पूर्ण सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जिन संस्थानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट पहले ही किया जा चुका है, उन्हें 7 दिनों के भीतर सभी कमियों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियों का निराकरण नहीं किया जाता है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार सीलिंग एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जिला अंतर्गत जिन संस्थानों का अब तक ऑडिट नहीं हुआ है, उनका 48 घंटे के भीतर ऑडिट कराते हुए एक सप्ताह का समय अनुपालन के लिए दिया जाएगा। इसके बाद भी यदि निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जाता है, तो अगले 15 दिनों के भीतर अनुपालन सुनिश्चित करने का अंतिम अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके बावजूद भी अनुपालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित अस्पतालों, होटलों एवं अन्य संस्थानों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई प्रारंभ करने हेतु मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, अररिया डॉ अशोक कुमार प्रसाद द्वारा सिटी हेल्थ हॉस्पिटल, फारबिसगंज एवं भारत सिटी हॉस्पिटल, जोगबनी की जांच की गई एवं सभी आवश्यक मानकों पर महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त प्रतिवेदनों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन मानव जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी होटल, अस्पताल एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों के संचालकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक मानकों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें तथा निरीक्षण दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

अररिया जिला अंतर्गत वर्तमान समय में 12 अग्निशमन वाहन सक्रिय रूप से ऑन रोड उपलब्ध हैं, जबकि अग्निशमन पदाधिकारियों एवं अग्निकर्मियों सहित कुल 70 कर्मी आपदा एवं अग्निकांड जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैनात हैं।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.