108 हेल्पलाइन के साथ वैकल्पिक एम्बुलेंस हेल्पलाइन नंबर भी किए जाएं जारी
सिंगरौली, 7 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने खम्हारिया क्लस्टर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तियरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र निर्धारित समय पर संचालित मिला। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आमजन को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बीएमओ को स्वास्थ्य केन्द्रों में निर्धारित एसओपी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने, आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने, लैब टेक्नीशियन की व्यवस्था करने तथा वास ऑन व्हील्स के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य केन्द्र में एएनसी जांच लंबित नहीं रहनी चाहिए तथा प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल के आधार पर चिन्हित हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी रखने, उनकी संभावित प्रसव तिथि का नियमित ट्रैकिंग करने तथा समय रहते जननी वाहन के माध्यम से संस्थागत प्रसव केन्द्र तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम के समन्वित प्रयासों से प्रत्येक गर्भवती महिला का संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को बीएलएस, एएलएस, जननी वाहन एवं एम्बुलेंस सेवाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि 108 हेल्पलाइन के अतिरिक्त वैकल्पिक एम्बुलेंस हेल्पलाइन नंबर भी सार्वजनिक किए जाएं, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीजों को बिना विलंब एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध हो सके।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh







No comments yet. Be the first to comment!