कलेक्टर शिवम वर्मा ने नगर निगम आयुक्त श्री सिंघल के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों का किया निरीक्षण,कलेक्टर श्री वर्मा ने दिए गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

इंदौर 28 मई 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले में तालाबों के गहरीकरण तथा पर्याप्त जल पहुंच सुनिश्चित करने हेतु चैनल सफाई एवं जल संरक्षण के

इंदौर 28 मई 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले में तालाबों के गहरीकरण तथा पर्याप्त जल पहुंच सुनिश्चित करने हेतु चैनल सफाई एवं जल संरक्षण के कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं आयुक्त नगर निगम श्री क्षितिज सिंघल द्वारा विभिन्न स्थलों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा द्वारा बिलावली तालाब में गहरीकरण कार्य, मोरोद-माचला चैनल सफाई कार्य, राऊ-बिलावली चैनल सफाई एवं पिचिंग कार्य तथा रालामंडल-बिलावली चैनल सफाई कार्य का जायजा लिया गया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि चैनलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो तथा जहां अतिक्रमण पाया जाए वहां त्वरित रिमूवल की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही तालाबों के गहरीकरण एवं जल संरक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन के ये कार्य भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। अभियान के माध्यम से जल स्रोतों को पुनर्जीवित कर आमजन को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बिलावली तालाब के गहरीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

बताया गया कि अब तक लगभग 32 हजार घनमीटर डिसिल्टिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा कार्य निरंतर जारी है। कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने राउ-बिलावली चैनल पर कॉलोनाइजरों द्वारा किए गए अतिक्रमण का भी निरीक्षण किया। इस दौरान भवन अधिकारी, जोन क्रमांक-13 को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपर आयुक्त श्री आशीष पाठक ने जानकारी दी कि निगम द्वारा पूर्व में पाइप डालकर किए गए अतिक्रमणों को भी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत हटाया गया है।

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को निर्देशित किया कि राउ-बिलावली चैनल पर मौजूद सभी स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमणों को चिन्हित कर निगम प्रशासन के समन्वय से शीघ्र हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान रालामंडल-लिंबोदी चैनल चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण भी किया गया। यह कार्य पहली बार जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रारंभ किया गया है। अधिकारियों ने संबंधित तहसीलदार श्री परमार को चिन्हित अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि लिंबोदी-रालामंडल चैनल, लिंबोदी तालाब को भरने के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि रालामंडल पहाड़ी क्षेत्र का पूरा वर्षा जल इसी चैनल से होकर आता है। चैनल पर अतिक्रमण होने के कारण लिंबोदी तालाब पर्याप्त रूप से नहीं भर पा रहा है। इस पर कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त बायपास क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेन की सफाई नहीं होने से हर वर्ष बनने वाली जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए निगमायुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों को तत्काल स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई कराने के निर्देश दिए।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.