विशेष आवश्यकता वाली छात्राओं के बीच पहुंचीं कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, साथ बैठकर किया भोजन,सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

By Gaurav Kabir

Published on: 12 घंटे पहले

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने वार्ड, भोजन निर्माण कक्ष, मेस अध्ययन कक्ष सहित सम्पूर्ण परिसर एवं कक्ष का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओ, संसाधन एवं शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत अवलोकन किया।

सिवनी / कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने रविवार को सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास सिवनी का निरीक्षण कर छात्राओं के बीच आत्मीय समय बिताया। उन्होंने छात्रावास में निवासरत प्रत्येक छात्रा से परिचय प्राप्त किया, स्नेहपूर्वक संवाद करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी तथा पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती मीना ने नोट बुक में लिखकर एवं संवाद कर छात्राओं से उनकी खेलों में रुचि के बारे में जानते हुए उन्हें आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्राओं के साथ एक ही पंक्ति में बैठकर छात्रावास में तैयार भोजन ग्रहण किया। भोजन से पूर्व छात्राओं द्वारा प्रार्थना किए जाने की परंपरा में भी उन्होंने सहभागिता निभाई, जिससे पूरे परिसर में आत्मीयता एवं अपनत्व का वातावरण देखने को मिला।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने वार्ड, भोजन निर्माण कक्ष, मेस अध्ययन कक्ष सहित सम्पूर्ण परिसर एवं कक्ष का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओ, संसाधन एवं शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए नियमित रूप से भोजन के नमूनों की जांच कराने, बच्चों की आयु एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष भोजन मेनू तैयार करने तथा प्रतिदिन गुणवत्तायुक्त एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित अंतराल पर पानी की टंकियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने विशेष आवश्यकता वाली छात्राओं के समग्र विकास के लिए सामाजिक न्याय विभाग के डीडीआरसी एवं एमआरसी के विशेषज्ञों की नियमित ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय, पुनर्वास एवं परामर्श संबंधी सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से सुरक्षा एवं आवश्यकता के अनुरूप साइन लैंग्वेज तथा अन्य उपयोगी शिक्षण गतिविधियां नियमित रूप से संचालित कराने के निर्देश भी दिए।
छात्रावास परिसर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्रीमती मीना ने अग्निशामक यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों का अवलोकन किया तथा उनकी उपलब्धता एवं उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में आवश्यकतानुसार नवीन बेड उपलब्ध कराने, शेड निर्माण, समुचित प्रकाश व्यवस्था, खिड़कियों में मच्छर जालियां लगवाने, भवन एवं कक्षों का रंग-रोगन कराने, अनावश्यक सामग्री को पृथक भंडारण कक्ष में व्यवस्थित रखने तथा अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने छात्रावास परिसर में सुंदर पोषण वाटिका विकसित कर पपीता, मोरिंगा, मीठी नीम सहित अन्य फलदार एवं उपयोगी पौधे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सम्पूर्ण परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, स्नेहपूर्ण एवं सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए स्टाफ के कार्यों की सराहना की तथा बच्चों के हित में सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिवनी श्रीमती पूर्वी तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh #seoni

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.