पूर्णिया एयरपोर्ट तक फोरलेन सड़क की मांग को लेकर सांसद पप्पू यादव ने नितिन गडकरी से की मुलाकात

By Gaurav Kabir

Published on: अभी-अभी

• सीमांचल की सड़क परियोजनाओं को लेकर भी संसद पप्पू यादव केन्द्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन • गुलाबबाग स्थित थोक अनाज मंडी क्षेत्र में हो एनएच-31 और एनएच-107 के जंक्शन पर बहुस्तरीय फ्लाईओवर का निर्माण


• सीमांचल की सड़क परियोजनाओं को लेकर भी संसद पप्पू यादव केन्द्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन
• गुलाबबाग स्थित थोक अनाज मंडी क्षेत्र में हो एनएच-31 और एनएच-107 के जंक्शन पर बहुस्तरीय फ्लाईओवर का निर्माण
• पप्पू यादव ने विक्रमशिला समानांतर पुल की गुणवत्ता जांच की उठाई मांग
• गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे और पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के बीच एक नए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण का सांसद ने दिया प्रस्ताव

पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कोसी-सीमांचल क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए कई मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह किया। सांसद ने विशेष रूप से एनएच-31 के जीरो माइल (गुलाबबाग) से पूर्णिया एयरपोर्ट तक सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग अथवा फोरलेन संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल पूर्णिया ही नहीं, बल्कि पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सांसद ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि पूर्णिया जिला कोसी-सीमांचल का प्रमुख वाणिज्यिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक केंद्र है, लेकिन वर्तमान में एनएच-31 से पूर्णिया एयरपोर्ट तक सीधा और उच्चस्तरीय सड़क संपर्क उपलब्ध नहीं है। इसके कारण यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शहर के अंदर से गुजरने वाले मार्गों पर लगातार बढ़ता यातायात दबाव, जाम और समय की बर्बादी आम समस्या बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जीरो माइल, गुलाबबाग से एयरपोर्ट तक फोरलेन सड़क बनने से लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शहर के भीतर यातायात का दबाव भी काफी कम होगा।

पप्पू यादव ने कहा कि इस परियोजना से पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल सहित पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, वहीं भविष्य में एयरपोर्ट के विस्तार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

सांसद ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि जनहित को देखते हुए इस परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराकर आवश्यक स्वीकृति प्रदान की जाए।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में यह महत्वपूर्ण मांग जल्द ही धरातल पर उतरेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। सांसद पप्पू यादव ने सीमांचल और कोसी क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क एवं राजमार्ग परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दिलाने के लिए नितिन गडकरी को पुनः अनुस्मारक पत्र सौंपा। सांसद ने एनएच-131ए और एनएच-107 से जुड़े कई प्रस्तावों पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी है तथा जनहित में जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया है।

उन्होंने अपने पत्र में बेलौरी-मंशैली-कदवा-बारसोई होते हुए हरिश्चंद्रपुर (पश्चिम बंगाल) तक तथा बनमनखी- चंपानगर- श्रीनगर- जलालगढ़ होते हुए अमौर तक जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग में परिवर्तित करने की मांग दोहराई है।

उन्होंने कहा कि इन मार्गों के राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से सीमांचल क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक विकास को नई गति मिलेगी तथा लाखों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। सांसद ने उल्लेख किया कि मार्च 2025 में मंत्रालय द्वारा मामले को संबंधित अधिकारियों को भेजे जाने की सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक प्रगति की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

इसके अलावा सांसद ने पूर्णिया के गुलाबबाग स्थित थोक अनाज मंडी क्षेत्र में एनएच-31 और एनएच-107 के जंक्शन पर बहुस्तरीय फ्लाईओवर निर्माण की मांग को भी प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र कोसी-सीमांचल का प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के साथ नेपाल और बांग्लादेश की सीमाओं के निकट स्थित है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में मालवाहक और यात्री वाहन गुजरते हैं। इसके कारण लगातार जाम, दुर्घटनाओं की आशंका और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सांसद ने इस परियोजना के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार कर बजटीय स्वीकृति देने की मांग की है। सांसद पप्पू यादव ने एनएच-31 पर हरदा बाजार, नेवालाल चौक, आर.एन. शाह चौक और गिरजा चौक सहित एनएच-107 के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लाईओवर एवं अंडरपास निर्माण का भी आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम और दुर्घटनाओं की समस्या में कमी आएगी तथा पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र भेजकर भागलपुर-नवगछिया को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु के समानांतर निर्माणाधीन नए पुल की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से स्वतंत्र उच्चस्तरीय तकनीकी समिति गठित कर पुनः जांच कराने की मांग की है!

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त रेत, गिट्टी और अन्य सामग्रियों की लैब टेस्टिंग कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो निर्माण कंपनी, सुपरविजन एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। सांसद ने गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे और पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के बीच एक नए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा है।

प्रस्तावित मार्ग प्रतापगंज, भीमपुर, छातापुर, जदिया, कुमारखंड, केवटगामा, चकमका और एनएच-107 होते हुए कसबा के आजाद चौक तक जाएगा। पप्पू यादव ने कहा कि इस कॉरिडोर के निर्माण से सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया और पूर्णिया सहित पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा।

इससे कृषि, व्यापार, उद्योग, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को नई गति मिलेगी तथा नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों में आवागमन और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना बताते हुए शीघ्र सर्वे और स्वीकृति की मांग की है।

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

खबरें और भी arrow-right Created with Sketch Beta.