राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
सिंगरौली, 5 अगस्त 2026। जिले के प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कलेक्टर श्री गौरव बैनल की संवेदनशील पहल एक बार फिर सामने आई है। कलेक्टर के त्वरित हस्तक्षेप से ग्वालियर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय दिव्यांग एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे जिले के दो प्रतिभावान दिव्यांग खिलाड़ियों को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से आर्थिक सहायता एवं आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। सिंगरौली निवासी प्रदीप कुमार साकेत एवं अतुल प्रसाद जायसवाल, जिन्होंने पूर्व में भी खेलो इंडिया सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व किया है, आगामी 9 अगस्त से ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय दिव्यांग एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर खिलाड़ियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उनके पास यात्रा, आवास एवं आवश्यक खेल सामग्री की व्यवस्था के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।
खिलाड़ियों की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने तत्काल इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में दोनों खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट एवं आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। साथ ही यात्रा एवं आवास व्यय के लिए दोनों खिलाड़ियों को 7-7 हजार रुपये, कुल 14 हजार रुपये की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की गई।कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कहा कि जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में पीछे न रहें, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने की अपेक्षा व्यक्त की। समय पर मिली सहायता से उत्साहित दोनों खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उनका आत्मविश्वास और मनोबल कई गुना बढ़ा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सिंगरौली जिले एवं मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाने का पूरा प्रयास करेंगे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh







No comments yet. Be the first to comment!