नीतीश शर्मा
मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित राजनंदन कला भवन परिसर में बुधवार को हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) की ओर से गरीब चौपाल : संवाद, समाधान और संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष किशोर कुमार मुन्ना ने की। मुख्य अतिथि बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन थे। कार्यक्रम में प्रदेश, जिला व प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में गरीब, दलित, महादलित, पिछड़े, अति पिछड़े एवं वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, पेयजल, सड़क, सामाजिक सुरक्षा, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाने की मांग उठाई।
मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को न्याय दिलाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करना होगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और गरीबों के सम्मान की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने, उनके समाधान के लिए प्रशासन से समन्वय बनाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
डॉ. सुमन ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई, सड़क, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और गरीबों व वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।
अन्य वक्ताओं ने भी कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा गरीबों, शोषितों और वंचितों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान तथा संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, विधायक प्रफुल्ल मांझी, महादलित आयोग के सदस्य मुकेश मांझी, पूर्व विधायक मो. इजहार अहमद, जिलाध्यक्ष चंदन ऋषिदेव, पूर्व जिलाध्यक्ष किशोर कुमार मुन्ना, सूरज कुमार, सुमित कुमार, तपेश ऋषिदेव सहित पार्टी के प्रदेश, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित थे।






No comments yet. Be the first to comment!