मधेपुरा:उदाकिशुनगंज:बिहारीगंज थाना क्षेत्र के जौतेली पंचायत अंतर्गत रामपुर डेहरू गांव वार्ड संख्या नौ के कामेश्वर मेहता (55) हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
इस मामले में कामेश्वर मेहता की पत्नी गीता देवी ही हत्यारिन निकली। उसने बदमाश को 75 हजार रूपये देकर अपने पति की हत्या करा दी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी सहित चार लोगों को अलग-अलग जगहों पर से गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपितों में तीन मधेपुरा और एक भागलपुर जिले के है।
गिरफ्तार आरोपितों में बिहारीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर डेहरू गांव के स्व. कामेश्वर मेहता की पत्नी
पत्नी गीता देवी, फुलौत थाना क्षेत्र के फुलौत पश्चिमी के वकील मेहता के पुत्र रामदेव राम, भागलपुर जिले के बीहपुर थाना क्षेत्र के झंडापुर गांव के संजय सिंह के पुत्र
प्रशांत कुमार, फुलौत थाना क्षेत्र के अर्जून सिंह के पुत्र
रौशन कुमार शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी के पास से हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं घटना में प्रयुक्त एक बाईक भी जब्त किया है।
शनिवार को उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 24 मई की मध्य रात्रि कामेश्वर मेहता की हत्या अज्ञात अपराधियों द्वारा कर दिए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी।सूचना पर पुलिस ने मृतक के घर से शव बरामद किया।उसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अपनाया गया।

पत्नी गीता देवी द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ बिहारीगंज थाना में मामला दर्ज कराया गया। मामले के त्वरित अनुसंधान के लिए पुलिस अधीक्षक ने उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। जिसमें डीआईयू की टीम को भी शामिल किया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि अग्रतर कार्रवाई तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में पाया गया कि मामले के शिकायतकर्ता मृतक की पत्नी गीता देवी ने अपने पति की हत्या करवाने के लिए रामदेव राम को 75 हजार रूपया दिया था।
पुलिस पकड़ में आने के बाद रामदेव राम ने पुलिस को दिए गए अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि गीता देवी के कहने पर वह एवं प्रशांत कुमार, कौशल कुमार और रौशन कुमार के द्वारा मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिए है।
उसके बाद गठित टीम के द्वारा स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर प्रशांत कुमार को फुलौत ननिहाल में छापामारी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार प्रशांत के पास से एक देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किया।
उसके बाद रौशन कुमार को उसके घर पर छापामारी कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार रोशन के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाईकिल हीरो स्पलेण्डर बरामद किया गया। इस मामले में कौशल कुमार की भी संलिप्तता सामने आया।वह फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि जल्द ही फरार की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियार के संबंध में फुलौत थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है।

एसडीपीओ ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपितों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वहीं गिरफ्तार आरोपितों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
छापेमारी दल में पुनि अकमल हुसैन कैम्प बिहारीगंज थाना, पुअनि दीपक कुमार, वरूण कुमार थानाध्यक्ष फुलौत, सौरभ कुमार, बिहारीगंज थाना के सबिता कुमारी, सअनि भोगेन्द्र पासवान,डीआईयू टीम मधेपुरा व बिहारीगंज एवं फुलौत थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।






No comments yet. Be the first to comment!