मधेपुरा:जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में 17 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे लंबित यूडीआईडी (Unique Disability ID) कार्ड के त्वरित निष्पादन एवं वितरण को लेकर गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सिविल सर्जन, मधेपुरा, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग श्री रिपुदमन सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 18,812 प्रमाणीकृत दिव्यांगजनों में से अब तक 10,930 यूडीआईडी कार्ड निर्गत किए जा चुके हैं, जबकि 7,882 कार्ड लंबित हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करते हुए पात्र दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि दिव्यांगता के प्रकार के अनुसार उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक प्रखंड में तिथि एवं समय निर्धारित कर विशेष चिकित्सा एवं यूडीआईडी शिविर आयोजित किए जाएँ, ताकि दिव्यांगजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और लंबित सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यूडीआईडी कार्ड दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर शेष कार्डों का शीघ्र निर्गमन एवं वितरण सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन दिव्यांगजनों को सभी आवश्यक सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar






No comments yet. Be the first to comment!