11 जून 2026जिला पदाधिकारी-सह-परीक्षा संयोजक के निर्देश के आलोक में आज दिनांक 11 जून 2026 को जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार, मधेपुरा में सिपाही भर्ती परीक्षा-2026 (विज्ञापन संख्या-03/2025) के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केन्द्राधीक्षकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को विस्तृत ब्रीफिंग प्रदान की गई।
ब्रीफिंग कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), मधेपुरा द्वारा की गई। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, मधेपुरा श्री संतोष कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए सुरक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा केन्द्रों पर अनुशासन बनाए रखने, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, वीक्षण कार्य, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन तथा कदाचार रोकने के लिए अपनाए जाने वाले उपायों पर आवश्यक निर्देश दिए गए।
सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया गया।अपर समाहर्ता ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। परीक्षा केन्द्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा दिनांक 14 जून 2026 (रविवार) एवं 17 जून 2026 (बुधवार) को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगी। प्रथम पाली के अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय पूर्वाह्न 08:00 बजे तथा द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों के लिए अपराह्न 01:00 बजे निर्धारित किया गया है। प्रथम पाली में पूर्वाह्न 09:00 बजे तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित दायित्वों के अनुरूप आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर दिए गए हैं।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar







No comments yet. Be the first to comment!